📲 ‘ख़बर बीकानेर’ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें — पल-पल की ताज़ा ख़बरों के लिए!
वारदात के मुख्य बिंदु:
- PHED नोखा में कार्यरत XEN सुनील कुमार पर लगा पत्नी की हत्या का आरोप।
- मृतका मनीला ने मरने से पहले बहन को फोन कर दी थी जहर पिलाने की सूचना।
- परिजनों का आरोप: शादी के 9 साल बाद भी दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित।
- आरोपी पति, सास और देवर के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज।
- उच्चाधिकारियों ने आरपीएस अधिकारी संजीव चौहान को सौंपी मामले की जांच।
दहेज की प्यास और रसूख का दुरुपयोग
बीकानेर। महिला पुलिस थाना बीकानेर में एक रसूखदार सरकारी अधिकारी के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ के नेठराना निवासी वेदप्रकाश प्रजापत ने अपनी पुत्री मनीला की हत्या का सीधा आरोप उसके पति सुनील कुमार और ससुराल पक्ष पर लगाया है। ग़ौरतलब है कि आरोपी सुनील कुमार वर्तमान में नोखा PHED प्रोजेक्ट में अधिशाषी अभियंता (XEN) के पद पर तैनात है और बीकानेर की जयनारायण व्यास कॉलोनी में पत्नी के साथ रहता था।
रिपोर्ट के अनुसार, मनीला का विवाह वर्ष 2017 में हुआ था, जिसमें सामर्थ्य के अनुसार भारी मात्रा में सोना, चांदी और कार दी गई थी। इसके बावजूद, पति सुनील, सास मंजू देवी और देवर सुमेरसिंह दहेज से असंतुष्ट थे और लगातार अतिरिक्त नकदी व आभूषणों की मांग को लेकर मनीला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
आधी रात का वो कॉल और मौत का रहस्य
शिकायत में एक रूह कंपा देने वाला खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि 25 मई की सुबह करीब तीन बजे मनीला ने अपनी बहन अनीता को फोन कर बताया कि उसे जबरन जहर पिला दिया गया है। इसी बीच आरोपी पति ने फोन छीनकर काट दिया। जब तक परिजन और पुलिस मौके पर पहुँचते, मनीला की मौत हो चुकी थी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे मोर्चरी में रखवाया गया है।
मामले की गंभीरता और आरोपी के रसूख को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस संवेदनशील मामले की तफ्तीश आरपीएस अधिकारी संजीव चौहान को सौंपी गई है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों का इंतज़ार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पर्दाफाश हो सके। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं।
✅ अभी क्लिक करें और ‘ख़बर बीकानेर’ WhatsApp ग्रुप जॉइन करें!