ख़बर बीकानेर | 12 फ़रवरी 2026

Sources..
बीकानेर। शहर के नेता जी सुभाष मार्ग से आगे स्थित चौकुंटी कर्बला क्षेत्र में बीते कई महीनों से गंदगी और कचरे की गंभीर समस्या बनी हुई है। इलाके में जगह–जगह बदबूदार गंदा पानी भरा हुआ है, नालियाँ जाम पड़ी हैं और कचरे के ढेर सड़क किनारों पर जमा हैं। इस वजह से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। मोहल्ले में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति दिन–प्रतिदिन और मुश्किल होती जा रही है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, चौकुंटी कर्बला के पास सड़क पर लगातार कीचड़, कचरा और गंदा पानी भरा रहता है, जिससे आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का बड़ा हिस्सा कीचड़ से भरने के कारण वाहन फिसलते हैं और पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। रात के समय यह समस्या और बढ़ जाती है क्योंकि स्ट्रीट लाइटें भी कई जगह खराब पड़ी हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि समस्या की शुरुआत नालियों के बार-बार जाम होने और नियमित सफाई कार्य न होने से हुई। नालियों से ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों पर फैलने लगा, और उसके साथ कचरा, प्लास्टिक और घरों का गंदा पानी मिलकर पूरे इलाके को बदबूदार बना रहा है। क्षेत्र में उठ रही बदबू से लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
एक महिला निवासी का कहना है,
“गंदगी और कीचड़ से हालात इतने खराब हैं कि बच्चे बाहर खेल नहीं सकते। बुजुर्ग घर से निकल नहीं पा रहे। घर के दरवाजे तक बदबूदार पानी आ चुका है। यह समस्या आखिर कब खत्म होगी?”
दूसरी ओर, रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि गंदे पानी के कारण सड़क इतनी फिसलनभरी हो जाती है कि बाइक सवार कई बार गिर चुके हैं। कई दुकानदारों को भी अपने व्यवसाय में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि ग्राहक गंदगी की वजह से इधर आने से कतराते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी अनियमित रूप से आते हैं और शिकायतों के बावजूद भी स्थायी समाधान नहीं होता। कई बार नगरपालिका को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं लेकिन कार्रवाई सिर्फ कागज़ों में दिखाई देती है। नालों की नियमित सफाई और सड़क की मरम्मत के बिना यह समस्या खत्म नहीं हो सकती।
इलाके में फैल रही गंदगी से बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। डेंगू, मलेरिया, और वायरल इंफेक्शन जैसी बीमारियों का डर लोगों के मन में लगातार बना हुआ है। गंदे पानी में मच्छरों की भरमार से हर घर में मच्छरदानी और कॉयल का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान, नालियों की मरम्मत, सड़क की सफाई और कीटाणुनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर एक-दो दिन की सामान्य सफाई से काम नहीं चलने वाला, बल्कि पूरे क्षेत्र को साफ करने और नालियों को खोलने के लिए विशेष अभियान चलाना होगा।
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल चौकुंटी कर्बला के पास की जनता इस इंतजार में है कि ये गंदगी, कीचड़ और कचरे की समस्या आखिर कब खत्म होगी।