राजस्थान निकाय–पंचायती राज चुनाव: लोजपा (रामविलास) की एंट्री, बिहार मॉडल के साथ दिखाएगी ताकत

WhatsApp Image 2026 02 26 at 10.54.59 AM

जयपुर/बीकानेर। बिहार विधानसभा चुनावों में लोजपा (रामविलास) के शानदार प्रदर्शन के बाद अब पार्टी ने राजस्थान की राजनीति में भी दमदार एंट्री करने का फैसला किया है। आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों को ध्यान में रखते हुए लोजपा (R) अपनी रणनीति मजबूत कर रही है और राज्य में अपने जनाधार को विस्तार देने की तैयारी में जुट गई है।

मंगलवार को जयपुर में आयोजित पार्टी के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में बिहार सरकार में केबिनेट मंत्री संजय सिंह ने विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। इस सम्मेलन में राजस्थान चुनावों की रणनीति, संगठन विस्तार, उम्मीदवार चयन और वोटर संपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संजय सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों में मिले शानदार समर्थन और जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया है। अब पार्टी इस जोश को राजस्थान में चुनावी मोर्चे पर आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर राजस्थान में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को फैलाने का अभियान शुरू किया गया है। संजय सिंह ने दावा किया कि राजस्थान में युवाओं और ग्रामीण वर्ग के बीच लोजपा (रामविलास) को तेजी से स्वीकार्यता मिल रही है और आगामी निकाय व पंचायती राज चुनावों में पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आएगी।

सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रमजान मुगल ने कहा कि लोजपा (R) की नीतियों और विचारधारा को राज्य के हर जिले, हर पंचायत और हर गांव में पहुंचाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार के “विकास मॉडल” और रामविलास पासवान की जन-हितैषी नीतियों को राजस्थान में भी आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले निकाय चुनावों में लोजपा (R) पूरी मजबूती के साथ अपने उम्मीदवार उतारेगी और स्थानीय निकायों में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराएगी। रमजान मुगल ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता उन क्षेत्रों पर होगी जहां स्थानीय मुद्दों का समाधान वर्षों से रुका हुआ है और जनता विकल्प तलाश रही है।

सम्मेलन में उपस्थित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कुमार, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुराद खान, बीकानेर जिला अध्यक्ष कैलाश छंगाणी, और जयपुर जिला अध्यक्ष अजीज गौड़ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी नेताओं ने कहा कि राजस्थान में लोजपा (रामविलास) को तेजी से समर्थन मिल रहा है और संगठन विस्तार के साथ पार्टी आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों में अपनी भूमिका मजबूत करेगी।

समापन में प्रदेश नेतृत्व ने घोषणा की कि जिलों में जल्द ही जन-संपर्क अभियान शुरू होंगे, जिसमें गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों, योजनाओं और विकास दृष्टिकोण को जनता तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी ने दावा किया कि आने वाले महीनों में लोजपा (R) राजस्थान में एक बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरकर सामने आएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top